प्रतापगढ़-सुलतानपुर-अयोध्या मार्ग बनेगा सिक्स लेन, 93 KM की दूरी में दोनों तरफ बनेगी सर्विस लेन
प्रतापगढ़ से अयोध्या तक 93 कि.मी. का राम वन गमन मार्ग अब छह लेन का बनेगा जिसके लिए दस हजार करोड़ की डीपीआर शासन को भेजी गई है। यह सड़क सुल्तानपुर शहर के पश्चिम से गुजरेगी और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की तर्ज पर बनेगी। मार्ग पर चार रेलवे ओवरब्रिज और तीन बड़े पुल भी बनेंगे। अयोध्या में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

सुलतानपुर। प्रतापगढ़ से अयोध्या तक 93 किलोमीटर लंबा राम वन गमन मार्ग छह लेन बनाया जाएगा। स्वीकृति के लिए लगभग दस हजार करोड़ रुपये की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) शासन को भेजी जा चुकी है। मुख्य बात यह है कि यह सड़क शहर के पश्चिम से होकर गुजरेगी। इससे पहले इसे चार लेन बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड की ओर से डीपीआर शासन को प्रेषित की गई थी।
सिक्स लेन सड़क निर्माण के लिए विभाग की ओर से 90 मीटर चौड़ाई में भूमि चिह्नित की जा रही है। इस चौड़ाई में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की तर्ज पर सिक्स लेन का मार्ग व दोनों तरफ सर्विस रोड बनाया जाएगा। शहर के पश्चिमी तरफ से बनने वाला सिक्स लेन कूरेभार के पास से प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग को क्रास कर पूरब की तरफ बनाया जाएगा। यह सिक्स लेन अहिमाने से मुख्य राजमार्ग से पश्चिम की ओर निकाला जाएगा।
विभागीय सूत्रों के अनुसार मार्ग पर चार रेलवे ओवर ब्रिज (एक प्रतापगढ़ तथा तीन सुलतानपुर में) तथा तीन बड़े पुल (प्रतापगढ़ के सई नदी, सुलतानपुर में गोमती नदी तथा कूरेभार में शारदा नहर पर) बनाए जाएंगे। कंसल्टेंट कंपनी टीएएसपीएल (टेक्नोक्रेट्स एडवाइजरी सर्विसेज प्रालि) दिल्ली द्वारा डीपीआर बनाकर केंद्रीय राजमार्ग मंत्रालय को भेजी जा चुकी है। हालांकि, अभी इसे स्वीकृति नहीं मिली है। राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग की सहायक अभियंता समृद्धि शुक्ला ने बताया कि मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद ही इस पर कुछ कहा जा सकता है।
अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनने के बाद वहां श्रद्धालुओं की आमद बढ़ गई है। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, मध्य-प्रदेश, गुजरात व दक्षिण भारत से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे हैं। इनके लिए सुलतानपुर होकर आवागमन बेहद आसान है। इस कारण हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया है। इसी के चलते इस अहम मार्ग को दो से चार लेन करने के बजाय अब नया सिक्स लेन बनाया जाएगा।