दिल्ली एनसीआरदुनियादेशबिहारमुख्य समाचार

Bihar Politics: तेजस्वी का शराबबंदी कानून को लेकर बड़ा एलान, बोले- अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो…

तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन सरकार बनने पर शराबबंदी कानून में ताड़ी को बाहर किया जाएगा, क्योंकि इससे पासी समाज को नुकसान हो रहा है। उन्होंने बिहार को बेहतर बनाने का संकल्प लिया और एनडीए पर बिहार को कब्जाने का आरोप लगाया। महागठबंधन ने घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें आम जनता से जुड़े मुद्दों को शामिल किया गया है।

पटना। महागठबंधन में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो शराबबंदी कानून में शामिल ताड़ी को इससे बाहर किया जाएगा, क्योंकि इससे पासी समाज को बड़ा नुकसान हो रहा है, जबकि ताड़ी प्राकृतिक चीज है इसमें कोई अल्कोहल नहीं होता है। तेजस्वी यादव मंगलवार को महागठबंधन का संयुक्त घोषणा पत्र बिहार का तेजस्वी प्रण जारी करने के बाद प्रेस से बात कर रहे थे।

 

तेजस्वी ने कहा उनका मकसद सरकार बनाना नहीं, बल्कि बिहार बनाना है। हमारे गठबंधन ने जो प्रण लिया है उसे प्राण देकर भी पूरा किया जाएगा। हम बिहार को अव्वल राज्य बनता देखना चाहते हैं, लेकिन कुछ बाहरी शक्तियां बिहार को उप निवेश बनाना चाहती हैं। हमारा गठबंधन ऐसा होने नहीं देगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर कहा कि वे उनके बारे में कुछ कहना नहीं चाहते हैं, परंतु भाजपा और बिहार के कुछ भ्रष्ट अफसरों ने मुख्यमंत्री को पुतला बनाकर रखा हुआ है। भाजपा ने सिर्फ नीतीश कुमार के नाम का इस्तेमाल किया। उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाएगा। अमित शाह पहले ही कह चुके हैं।

 

उन्होंने एक बार फिर सवाल उठाए कि एनडीए ने अब तक अपना सीएम फेस घोषित नहीं किया है। पीएम समेत इनके नेता बिहार आते हैं तो सिर्फ नकारात्मक बातें करते हैं। बिहार कैसे आगे बढ़ेगा इस पर बात नहीं करते। अभी तक अपना घोषणा पत्र भी जारी नहीं कर सके। बता नहीं पाए कि बिहार के लिए इनके पास क्या प्लान है। इन्हें बिहार कब्जाना है जबकि हमें बिहार बनाना है।

उन्होंने कहा कि हमें पता है बिहार चुनाव में 15 सौ कंपनी केंद्रीय बल क्यों लगाया जा रहा है। जिन बूथ पर महागठबंधन मजबूत है वहां धीमा मतदान कराने की योजना है, लेकिन अफसर लोग सावधान रहें। हमारे लोग हर बूथ पर रहेंगे और मतदान की वीडियो रिकॉर्डिंग करेंगे। जनता वोट की रक्षा करेगी। अधिकारी निष्पक्ष बने रहें। छल-कपट नहीं चलने वाला।

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस को मंगनी लाल मंडल, भाकपा के राज्य सचिव सीपीएम के अवधेश कुमार, आइपी गुप्ता ने भी संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, मदन मोहन झा सहित दूसरे कई नेता उपस्थित रहे।

 

इन्होंने ने भी किया संबोधित

जनता की सेवा हमारा संकल्प : मुकेश सहनी

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मुकेश सहनी ने कहा कि हम सभी को नया बिहार बनाना है। हमने जो संयुक्त घोषणा पत्र जारी किया है उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। हमें नया बिहार बनाना है। अगले 25 से 30 साल तक हम लोगों को जनता के बीच रहना है। हम लोगों ने जो भी संकल्प लिया है, उसे निश्चित तौर पर पूरा किया जाएगा। हम लोग जनता की उम्मीद पर खरा उतरेंगे।

सहनी ने कहा कि महागठबंधन बदलाव के लिए आगे बढ़ रहा है। हम लोग सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एनडीए के पास कोई संकल्प ही नहीं है। 20 साल से उन्होंने जो काम किए हैं, उससे उन्हें ऐसा लगता है कि बिहार में कोई समस्या ही नहीं है। अगर वे संकल्प लेकर आएंगे, तो भी लोग हंसेंगे।

 

हमारे लिए यह घोषणा पत्र पर उनके लिए जुमला : पवन खेड़ा

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने मौके पर कहा कि हमारे गठबंधन ने पहले सीएम फेस बताया। अब घोषणा पत्र जारी किया। उनके (भाजपा) लिए यह जुमला पत्र है। उन्हें समझाना होगा कि उनका मुख्यमंत्री कौन होगा। बिहार के लिए क्या सोच रहे हैं। खेड़ा ने कहा कि बिहार 20 वर्षो में काफी पीछे गया है। उन्होंने तेजस्वी को बधाई देते हुए कहा कि घोषणा पत्र मेें जिन मुद्दों को शामिल किया गया है वे आम व्यक्ति से जुड़े मुद्दे हैं।

 

दीपंकर ने कहा- बिहार में है बदलाव की आकांक्षा

भाकपा माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि आज जिन मुद्दों के लिए लोग लड़ रहे हैं उन्हीं मुद्दों का संकल्प पत्र है हमारा घोषणा पत्र। बिहार में बदलाव की आकांक्षा है। हमारे घोषणा पत्र में मंडी व्यवस्था जिसे नीतीश सरकार ने बंद कराया है वह है, बटाईदारी खेती सुरक्षा इसमें है। रोजगार, सम्मानजनक वेतन की बातें इसमें है। काफी बारीकी से अलग-अलग तबकों की रोज की जरूरतों को इसमें शामिल किया गया है। लोग 2020 से सरकार बदलना चाहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!