अपराधमुख्य समाचारयुवालोकल न्यूज़सुल्तानपुर

सुल्तानपुर में डीएम आवास के सामने डीजे हटाने को लेकर बवाल: सिपाही पर जानलेवा हमला, सिर में आए 19 टांके; आरोपियों पर FIR दर्ज

​सुल्तानपुर: सुल्तानपुर जिले में डीएम आवास के ठीक सामने मुख्य मार्ग पर डीजे कॉम्पिटिशन के कारण लगा जाम हटाने गए एक पुलिस आरक्षी (सिपाही) पर आधा दर्जन से अधिक नामजद और 25-30 अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस दुस्साहसिक हमले में सिपाही का सिर तीन जगहों से फट गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनके सिर में 19 टांके आए हैं।

​क्या है पूरा मामला?

न्यायालय सुरक्षा में तैनात आरक्षी अश्वनी मिश्र द्वारा दी गई तहरीर के मुताबिक, घटना 27 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2:20 बजे की है। आरक्षी अपनी ड्यूटी पर मौजूद था, तभी जिलाधिकारी सुल्तानपुर के आवास के ठीक सामने 3 डीजे संचालकों द्वारा मुख्य मार्ग को पूरी तरह से अतिक्रमित कर बीच सड़क पर डीजे कॉम्पिटिशन कराया जा रहा था। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया था और रोडवेज बसें व अन्य वाहन नहीं निकल पा रहे थे।

​जाम और अवरोध को देख सिपाही ने बसौढ़ी-अयोध्या मार्ग स्थित श्री दुर्गा माता पूजा समिति की प्रतिमा के साथ चल रहे ट्रैक्टर (यूपी 44 बीएन 3812) पर लगे डीजे (डीजे स्टार इवेंट्स, सिद्धार्थ नगर) के संचालक को डीजे आगे बढ़ाने के लिए कहा।

​विवाद और जानलेवा हमला:

सिपाही के इतना कहते ही पूजा समिति के अध्यक्ष भैयाराम, उपाध्यक्ष सरजू प्रसाद और उपसंरक्षक पंकज कुमार निषाद ने उससे विवाद करना शुरू कर दिया। आरक्षी द्वारा अपना परिचय देने और रास्ता खाली करने की बात कहने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों—रोहित निषाद, नीरज मझवार, प्रदीप कुमार, घनश्याम निषाद, मंटू, सभाजीत, कालिका प्रसाद, बीबू कश्यप, कन्हैयालाल, सूरज निषाद, गोलू निषाद, अजय कुमार और 25-30 अज्ञात लोगों को बुला लिया।

​सभी ने मिलकर सिपाही को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। जब सिपाही उठकर खड़े हुए, तो पीछे से आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड और लाठी से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनका सिर गंभीर रूप से फट गया। जान बचाने के लिए जब सिपाही रोडवेज की तरफ भागे, तो आरोपियों ने करीब 100 मीटर तक उनका पीछा किया। रोडवेज के पास ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों को देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए।

​जिला अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी:

घटना के बाद मेला सेल सुल्तानपुर में नियुक्त आरक्षी सूरज त्रिपाठी QRT के साथ मौके पर पहुंचे और घायल सिपाही को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण 19 टांके आए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!