सुलतानपुर से बृजभूषण की ललकार: “दो नावों पर पैर रखने वाले राहुल गांधी का राजनीति में भविष्य नहीं”

भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह अक्सर अपने बेबाक और तीखे बयानों के लिए चर्चा में रहते हैं। सुलतानपुर दौरे के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला और साथ ही साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के बयानों का समर्थन कर सियासत गरमा दी है।
बृजभूषण शरण सिंह का राहुल गांधी पर हमला; प्रज्ञा ठाकुर का किया समर्थन
सुलतानपुर: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह शुक्रवार को सुलतानपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के तिवारीपुर में एक निजी कार्यक्रम में पाहुचे, जहाँ उन्होंने मीडिया से बात करते हुए विपक्ष और खासकर राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए बृजभूषण ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया।
“राहुल गांधी कभी नहीं बनेंगे प्रधानमंत्री”
राहुल गांधी पर हमला करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी कभी देश के प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ‘दो नाव की सवारी’ कर रहे हैं, जो राजनीति में सफल नहीं हो सकती। उन्होंने कहा:
“राहुल गांधी को लगता है कि प्रधानमंत्री का पद उनके खानदान का पेटेंट है। वे ऐसे बयान देते हैं जिससे देश का नहीं बल्कि पाकिस्तान का फायदा होता है।”
बृजभूषण ने आगे कहा कि कांग्रेस का यह दुर्भाग्य है कि वह राहुल गांधी जैसे नेता को ढो रही है, जिनके बयानों से पाकिस्तान में खुशी की लहर दौड़ जाती है और वहां की मीडिया उसे प्रमुखता से दिखाती है।
सैन्य कार्रवाई पर ‘हिसाब’ मांगने पर घेरा
हालिया सैन्य घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि जब देश और सेना की बात हो, तो राजनीति से ऊपर उठकर सोचना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अभी राख ठंडी भी नहीं हुई और महाराज (राहुल गांधी) हिसाब मांगने लगे। क्या वे चाहते हैं कि पाकिस्तान हमारे सारे जहाज गिरा दे? उन्हें अपनी सेना पर भरोसा क्यों नहीं है?”
साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का समर्थन
बृजभूषण शरण सिंह ने अपने संबोधन में पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के हालिया बयानों का भी बचाव किया। उन्होंने प्रज्ञा ठाकुर का समर्थन करते हुए संकेत दिया कि वे अक्सर सच बोलती हैं, जिसे विवाद का रूप दे दिया जाता है। उन्होंने विपक्षी दलों पर प्रज्ञा ठाकुर को बेवजह निशाना बनाने का आरोप भी लगाया।
राजनीतिक गलियारों में हलचल
बृजभूषण के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर वार-पलटवार का दौर शुरू होने की संभावना है। जहाँ भाजपा समर्थकों ने इसे राष्ट्रवाद से जोड़कर देखा है, वहीं कांग्रेस ने इसे बृजभूषण की हताशा करार दिया है।




