यमुना एक्सप्रेस-वे पर टक्कर के बाद धू-धू कर जलीं 7 बसें, 18 बैग में पहुंचे शवों के अवशेष।
यमुना एक्सप्रेसवे पर कोहरे के कारण कई वाहन टकरा गए, जिसमें सात बसें और दो कारें शामिल थीं। इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु हो गई और 20 से अधिक घायल हो गए। घटना मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में हुई, जहां घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य थी। घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के आगरा से नोएडा जा रही लेन पर घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार में दौड़ रहे कई वाहन आपस में टकरा गए। सात बसों और दो कारों में भीषण आग लग गई। कई लोग वाहनों के अंदर फंस गए, कुछ ने बसों ने कूदकर अपनी जान बचाई। अब तक चार लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। करीब 20 से अधिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो मृतकों की पहचान हो चुकी है। पोस्टमार्टम हाउस पर करीब 18 बैग में अवशेष पहुंचे हैं।

मथुरा हादसा
घटना बलदेव थाना क्षेत्र के गांव खड़ेहरा के निकट माइल स्टोन संख्या 125 पर हुई है। यहां घना कोहरा होने के कारण रात में दृश्यता शून्य थी। इससे आगे-पीछे चल रहे वाहनों के चालक एक-दूसरे को देख नहीं सके और वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहनों में आग लग गई।
मचने लगी चीखपुकार
सातों बसें और दो कार भीषण आग की चपेट में आ गईं। आग लगते ही बसों में चीख-पुकार मच गई। खिड़कियों से यात्रियों ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। जबकि अंदर ही फंसे रह गए।बसों और कारें टक्कर लगने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सूचना पर पहुंची करीब एक दर्जन दमकलों से आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद आगरा से नोएडा जाने वाली एक्सप्रेसवे की लेन पर आवागमन पूरी तरफ ठह गया।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि चार यात्रियों की जलकर मृत्यु हो गई है। बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए हैं। इन्हें 20 से अधिक एंबुलेंस के जरिए अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।


हादसे के बाद सुबह के हालात
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया जिन वाहनों में आग लगी, उसमें सात बस और तीन छोटे वाहन हैं। अब तक चार लोगों की मृत्यु हुई है। 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अभी रेस्क्यू किया जा रहा है। दो मृतकों की पहचान हो चुकी है।




