खूनी पिता ने 9 माह के मासूम की ली जान,पत्नी व बुजुर्ग पिता भी घायल..
पत्नी के बहन के घर जाने को लेकर बढ़ा था दोनों में विवाद

सुल्तानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र के मडहा गांव में शुक्रवार को पत्नी के बहन के घर जाने को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गुस्से में अंधे पिता ने अपने ही 9 माह के मासूम बेटे की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी, जबकि पत्नी और बुजुर्ग पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
आरोपी शंभू दयाल कोरी (45) का पत्नी रंजू देवी से बहन के घर जाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ा कि आरोपी ने आपा खो दिया और रंजू देवी की गोद में मौजूद मासूम शिवांश पर ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग पिता दयाराम कोरी को भी उसने नहीं बख्शा और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पत्नी रंजू देवी भी हमले में लहू-लुहान हो गईं। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी सौरभ सामन्त और थाना प्रभारी तरुण पटेल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को आला- कत्ल कुल्हाड़ी सहित गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।आरोपी मजदूरी करता है। मामले में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।




