सुलतानपुर मे स्कूली वाहनों पर सख्ती: 16 अप्रैल को अनिवार्य ऑनबोर्डिंग, नहीं मानने पर मान्यता पर संकट

सुलतानपुर। जनपद में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और वैधानिक अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। अपर मुख्य सचिव परिवहन विभाग एवं परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर 01 से 15 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत उ.प्र. मोटरयान नियमावली-1998 के अध्याय-9क का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।
इसी क्रम में विभाग द्वारा “UP Integrated School Vehicle Management Portal (UP-ISVMP)” विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से स्कूल वाहनों की ऑनलाइन निगरानी की जा रही है।
जारी आंकड़ों के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 तक जनपद के 3639 विद्यालयों को पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया जा चुका है। वहीं संचालित 1423 स्कूली वाहनों में से 901 वाहनों को ऑनबोर्ड किया गया है और 807 वाहनों का निरीक्षण भी पूरा कर लिया गया है।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अलका शुक्ला ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिन विद्यालयों के वाहन अभी तक पोर्टल पर ऑनबोर्ड नहीं हुए हैं, वे 16 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को अपने वाहनों और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय में उपस्थित होकर प्रक्रिया पूरी कराएं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे विद्यालयों की मान्यता निलंबित करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भी भेजा जाएगा।




