सुल्तानपुर: धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली का कहर, वृद्धा की मौत, चार बच्चों समेत 8 झुलसे

सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में आज मानसून की पहली ही तेज बारिश आफत बनकर बरसी। बंधुआ कला थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर बाद धान की रोपाई करने गए ग्रामीणों पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में एक 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार मासूम बच्चों समेत आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से झुलसे लोगों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
आम के पेड़ के नीचे खड़े थे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, बंधुआ कला थाना क्षेत्र और कुड़वार विकास खंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम पूरे परसन (मजरे धारूपुर) में बुधवार को कुछ ग्रामीण और मजदूर खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी बीच अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज कड़क के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। पानी से बचने के लिए खेत में काम कर रहे सभी लोग पास में ही स्थित एक आम के पेड़ के नीचे जाकर छिप गए।
इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आसमानी बिजली सीधे पेड़ पर आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से खेत मालिक स्वर्गीय पराग चौहान की पत्नी पियारी देवी (65 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
चार मासूम बच्चों सहित आठ लोग झुलसे
पेड़ के नीचे खड़े अन्य आठ लोग भी बिजली के झटके से गंभीर रूप से झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाई और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चार लोगों को राजकीय मेडिकल कॉलेज, सुल्तानपुर के लिए रेफर कर दिया है।
घायलों का विवरण:
हादसे में झुलसने वालों में मृतका का बेटा जयसिंह (40), उदयराज (65), उनकी पत्नी परानदेई (62) और छत्रपाल (35) शामिल हैं। इसके अलावा छत्रपाल की तीन मासूम बेटियां चांदनी (8), मुस्कान (6), जाह्नवी (5) और राजाराम का पुत्र आदित्य (14) भी इस वज्रपात का शिकार होकर अस्पताल में भर्ती हैं।
प्रशासनिक अमला मौके पर, आर्थिक मदद का भरोसा
घटना की सूचना मिलते ही बंधुआ कला थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, तहसीलदार सदर देवानंद तिवारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। तहसीलदार ने कहा कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से मिलने वाली सरकारी आर्थिक सहायता (4 लाख रुपये) जल्द से जल्द मुहैया कराई जाएगी।
Hi-Tech Point News की अपील:
मौसम विभाग द्वारा लगातार अलर्ट जारी किया जा रहा है। खराब मौसम, तेज हवा या कड़कती बिजली के दौरान खुले खेतों, तालाबों के पास या पेड़ों के नीचे बिल्कुल खड़े न हों। सुरक्षित पक्के मकानों में शरण लें।




