BRICS सम्मेलन के डिनर मेन्यू पर विवाद: राहुल गांधी बोले—’80% भारतीय मांसाहारी’, किरेन रिजिजू का पलटवार

नई दिल्ली भारत मंडपम में आयोजित ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विदेशी मेहमानों और राष्ट्राध्यक्षों के लिए आयोजित आधिकारिक रात्रिभोज (Gala Dinner) को लेकर देश में एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। इस रात्रिभोज में केवल शुद्ध शाकाहारी भोजन परोसे जाने को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) आमने-सामने आ गए हैं।
राहुल गांधी का तंज: “80 प्रतिशत भारतीय मांसाहारी हैं”
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर खाने की एक तस्वीर साझा करते हुए केंद्र सरकार के इस फैसले पर तंज कसा।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा:
“रिकॉर्ड के लिए: 80 प्रतिशत भारतीय मांसाहारी हैं। भारतीय मांसाहारी भोजन बेहद स्वादिष्ट होता है। ठीक वैसे ही जैसे मेरी बहन के बनाए छोले-भटूरे स्वादिष्ट होते हैं।”
कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने भी इस मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी की अपनी खान-पान की पसंद को दूसरों पर थोपने की आदत रही है, और अब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों पर भी इसे थोप दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारत अपने समृद्ध और विविध गैर-शाकाहारी व्यंजनों के लिए जाना जाता है, तो सरकार ने देश की इस विविधता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर छिपाने का प्रयास क्यों किया।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का पलटवार
कांग्रेस के इन आरोपों के जवाब में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बिना किसी का नाम लिए कड़ी प्रतिक्रिया दी।
रिजिजू ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर पोस्ट करते हुए लिखा:
“मुझे यकीन नहीं हो रहा कि कांग्रेस पार्टी BRICS देशों के नेताओं को परोसे गए खाने के मेन्यू पर भी राजनीति कर रही है। हमारे मेहमानों ने भारतीय शाकाहारी भोजन का पूरा आनंद लिया, जो स्वाद और पोषण से भरपूर है और जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की परंपराएं शामिल हैं।”
BRICS डिनर के मेन्यू में क्या था खास?
भारत मंडपम में आयोजित इस रात्रिभोज में देश के अलग-अलग राज्यों से जुड़े पारंपरिक शाकाहारी व्यंजन परोसे गए थे:
- स्टार्टर्स: खांडवी मिले (भाप में पकाए गए बेसन रोल) और खुंब गलौटी (मशरूम कबाब, जिन्हें शीरमाल के साथ परोसा गया)।
- मेन कोर्स: पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक (हिमालयन मोरेल मशरूम और एस्पैरागस), थक्काली बेले सारू (दाल का शोरबा), मिलेट पुलाव और चुकुंदर रायता।
- डेजर्ट (मीठा): पुरानी दिल्ली स्टाइल फ्रूट क्रीम के साथ जलेबी और शहतूत फिरनी।
इस भव्य रात्रिभोज के दौरान भारत और ब्रिक्स देशों के 100 से अधिक कलाकारों के एक दल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी थीं।




