यूपी कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं पर अखिलेश यादव का तंज: “दिल्ली से पर्ची आ गई क्या?”

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में संभावित कैबिनेट विस्तार की सुगबुगाहट के बीच समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया के माध्यम से अखिलेश यादव ने सरकार की कार्यप्रणाली और मुख्यमंत्री के अधिकारों को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं।
“मुख्यमंत्री की शक्ति का कटाव-झटाव”
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में तंज कसते हुए पूछा, “दिल्ली से पर्ची आ गई क्या?”। उन्होंने आगे लिखा कि यूपी में कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं तेज हैं, लेकिन इसे मुख्यमंत्री की शक्तियों को कम करने के प्रयास के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जिसका मंत्रिमंडल है, कम से कम उससे तो राय ली जानी चाहिए।
महिलाओं के लिए आरक्षण की मांग
राजनीतिक कटाक्ष के बीच अखिलेश यादव ने एक महत्वपूर्ण मांग भी रखी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में महिलाओं को आरक्षण दिया जाना चाहिए। सपा प्रमुख ने इसे सामाजिक न्याय और प्रतिनिधित्व के दृष्टिकोण से जरूरी बताया है।
‘अगल-बगल’ की जोड़ी पर निशाना
पोस्ट के अंत में अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए कुछ नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने ‘अगल-बगल’ की जोड़ी का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या इनका कुछ भला होगा या ये सिर्फ ‘रील’ बनाने और एक-दूसरे को झाँकने तक ही सीमित रह जाएंगे।
सियासी गलियारों में हलचल
विपक्ष के इस हमले ने प्रदेश की राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है। जहाँ भाजपा की ओर से इसे संगठन का आंतरिक मामला बताया जा रहा है, वहीं अखिलेश यादव के ‘पर्ची’ वाले बयान ने यह संकेत दिया है कि विपक्ष इस विस्तार को दिल्ली बनाम लखनऊ की लड़ाई के तौर पर पेश करने की कोशिश कर रहा है।
ब्यूरो रिपोर्ट, हाईटेक पॉइंट न्यूज




