प्रतापगढ़ में खूनी वारदात: बुलेटप्रूफ जैकेट और वर्दी पहनकर पहुंचे पूर्व सैनिक ने साले को मारीं गोलियां, भीड़ ने पेड़ से बांधकर पीटा

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कोहंड़ौर थाना क्षेत्र स्थित मदाफरपुर बाजार में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पारिवारिक विवाद में भड़के एक पूर्व सैनिक ने अपनी पत्नी को मायके ले जाने से नाराज होकर अपने साले पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। घटना के बाद भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने खदेड़कर पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर उसकी जमकर धुनाई कर दी।
सेना की वर्दी और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर पहुंचा आरोपी
जानकारी के अनुसार, आरोपी पूर्व सैनिक कपिलदेव यादव का अपनी पत्नी के साथ पिछले कुछ वर्षों से विवाद चल रहा था। पत्नी की शिकायत पर उसका 40 वर्षीय भाई देवेंद्र अपनी बहन को ससुराल से मदाफरपुर बाजार स्थित अपने मेडिकल स्टोर पर ले आया था।
दोपहर करीब 12 बजे देवेंद्र अपनी दुकान पर बैठा था, तभी कपिलदेव सेना की वर्दी और बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर वहाँ पहुँचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी पूरी तैयारी के साथ आया था। उसने दुकान पर पहुँचते ही अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और साले देवेंद्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
बाजार में भगदड़, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
अचानक गोलियां चलने से मदाफरपुर बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई गोलियां लगने से देवेंद्र लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे कपिलदेव को स्थानीय बाजारवासियों और ग्रामीणों ने खदेड़कर दबोच लिया। उग्र भीड़ ने आरोपी को एक पेड़ से बांधकर जमकर पीटा।
पुलिस ने आरोपी को छुड़ाकर हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची और उग्र भीड़ के कब्जे से आरोपी को छुड़ाकर हिरासत में लिया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को तत्काल राजा प्रताप बहादुर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस का बयान:
प्रतापगढ़ के एसपी दीपक भूकर ने बताया कि शुरुआती जांच में घटना का कारण पारिवारिक विवाद सामने आया है। आरोपी पूर्व सैनिक को हिरासत में ले लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल हथियार व अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




