बाजार में दबंगों का तांडव, वाहनों में तोड़फोड़, फायरिंग से दहशत

(सुल्तानपुर) शहर के व्यस्त पल्टन बाजार इलाके में बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब करीब आधा दर्जन दबंगों ने अचानक हमला बोल दिया। इस दौरान कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस के मौके से जाते ही दबंग दोबारा लौट आए और उन्होंने पूरे इलाके में आतंक फैलाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर मोहल्ले के लोगों को खुलेआम धमकियां दी गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब मोहल्ले के एक डॉक्टर ने घटना का विरोध किया, तो दबंगों ने लोगों को डराने के इरादे से कट्टे से फायरिंग भी की। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गोली चलने की आवाज से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
फिलहाल घटना के पीछे के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, जबकि स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। — सूत्र





