काकोरी में बदमाशों का बड़ा तांडव: एलपीजी गोदाम पर धावा बोलकर 409 खाली सिलेंडर और नकदी लूटी, एक मजदूर का अपहरण

लखनऊ (काकोरी): राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैना गांव में बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर पुलिस गश्त की पोल खोल दी है। भारत गैस एजेंसी के गोदाम में देर रात अवैध असलहों से लैस होकर घुसे बदमाशों ने न सिर्फ जमकर तांडव मचाया और मजदूरों को बेरहमी से पीटा, बल्कि 409 खाली एलपीजी सिलेंडर और 22 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। यही नहीं, आरोपी एक मजदूर को जबरन उठाकर अपने साथ ले गए हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
शाम को रेकी, फिर देर रात धावा:
एजेंसी संचालक इस्लाम अहमद अब्बासी के मुताबिक, वारदात से पहले शाम करीब 5 बजे मोहम्मद यूसुफ नाम का शख्स अपने 4 अज्ञात साथियों के साथ कार से गोदाम पहुंचा था। उसने वहां मौजूद मजदूरों से पूछताछ की और चला गया। इसके बाद देर रात करीब 12 बजे आरोपी अवैध असलहों के साथ दोबारा पहुंचे। उस वक्त मजदूर खाना बना रहे थे। बदमाशों ने आते ही मजदूरों पर हमला कर दिया, उनका खाना जमीन पर फेंक दिया और असलहे के बल पर सभी को जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
दीवारें-CCTV तोड़े, मजदूर प्रमोद का सुराग नहीं:
बदमाशों ने गोदाम के मुख्य गेट का ताला तोड़कर गाड़ियों में 409 खाली सिलेंडर लादे और नकदी समेट ली। जाते-जाते आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से गोदाम की दीवारें क्षतिग्रस्त कर दीं और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले। हालांकि, संचालक का दावा है कि कैमरे तोड़े जाने से ठीक पहले के डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित हैं, जो पुलिस को सौंप दिए गए हैं। घटना के बाद से गोदाम में काम करने वाला मजदूर प्रमोद कुमार लापता है, जिसके अपहरण की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी:
काकोरी थाना प्रभारी सतीश चंद्र राठौर के अनुसार, तहरीर के आधार पर मोहम्मद यूसुफ समेत 5 नामजद व अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमों का गठन कर घटनास्थल का मुआयना किया गया है और बदमाशों की धरपकड़ व अपहृत मजदूर की सकुशल बरामदगी के लिए दबिश दी जा रही है।




